गुरुवार, 3 मार्च 2016

रीतिकाल

रीतिकाल नामकरण 
 सन् १७०० ई. के आस-पास हिंदी कविता में एक नया मोड़ आया। इसे विशेषत: तात्कालिक दरबारी संस्कृति और संस्कृत साहित्य से उत्तेजना मिली।
  संस्कृत साहित्यशास्त्र के कतिपय अंशों ने उसे शास्त्रीय अनुशासन की ओर प्रवृत्त किया। हिंदी में 'रीति' या 'काव्यरीति' शब्द का प्रयोग काव्यशास्त्र के लिए हुआ था। इसलिए काव्यशास्त्रबद्ध सामान्य सृजनप्रवृत्ति और रस, अलंकार आदि के निरूपक बहुसंख्यक लक्षणग्रंथों को ध्यान में रखते हुए इस समय के काव्य को 'रीतिकाव्य' कहा गया।
 इस काव्य की शृंगारी प्रवृत्तियों की पुरानी परंपरा के स्पष्ट संकेत संस्कृत, प्राकृत, अपभ्रंश, फारसी और हिंदी के आदिकाव्य तथा कृष्णकाव्य की शृंगारी प्रवृत्तियों में मिलते हैं।
 इस काल में कई कवि ऐसे हुए हैं जो आचार्य भी थे और जिन्होंने विविध काव्यांगों के लक्षण देने वाले ग्रंथ भी लिखे। इस युग में शृंगार की प्रधानता रही। यह युग मुक्तक-रचना का युग रहा। मुख्यतया कवित्त, सवैये और दोहे इस युग में लिखे गए।
 आचार्य शुक्ल ने इसे रीतिकाल से पुकारा है।
 मिश्रबंधुओं ने अलंकरण प्रियता के कारण इसे अलंकार काल कहा।
 आचार्य विश्वनाथ प्रसाद मिश्र ने इसे श्रृंगार काल कहा है।
 डॉ रामकुमार वर्मा ने इसे कला काल कहा है।
 आचार्य नंद दुलारे वाजपेयी ने इसे मुक्त काल कहा है।
 रीति ग्रंथ केवल मुक्त शैली में ही लिखे जा सकते हैं। अतः मुक्तक नाम भी रीतिकाल से सीधा जुड़ा है।
 पहला वर्ग रीतिबद्ध कवियों का है जिसके प्रतिनिधि केशव, चिंतामणि, भिखारीदास, देव, मतिराम, ग्वाल, कुलपति और पद्माकर आदि हैं।
  इन कवियों ने दोहों में रस, अलंकार और नायिका के लक्षण देकर कवित्त सवैए में प्रेम और सौंदर्य की कलापूर्ण मार्मिक व्यंजना की है।
  संस्कृत साहित्यशास्त्र में निरूपित शास्त्रीय चर्चा का अनुसरण मात्र इनमें अधिक है। पर कुछ ने थोड़ी मौलिकता भी दिखाई है, जैसे भिखारीदास का हिंदी छंदों का निरूपण।
  दूसरा वर्ग रीतिसिद्ध कवियों का है।  इन कवियों ने लक्षण नहीं निरूपित किए, केवल उनके आधार पर काव्यरचना की। बिहारी इनमें सर्वश्रेष्ठ हैं, जिन्होंने दोहों में अपनी "सतसई' प्रस्तुत की। विभिन्न मुद्राओंवाले अत्यंत व्यंजक सौंदर्यचित्रों और प्रेम की भावदशाओं का अनुपम अंकन इनके काव्य में मिलता है। सेनापति, रसनिधि आदि।
 तीसरे वर्ग में रीतिमुक्त कवि आते हैं। घनानंद, बोधा, द्विजदेव, ठाकुर, आलम आदि रीतिमुक्त कवि आते हैं जिन्होंने स्वच्छंद प्रेम की अभिव्यक्ति की है। इनकी रचनाओं में प्रेम की तीव्रता और गहनता की अत्यंत प्रभावशाली व्यंजना हुई है।

 रीतिकाव्य मुख्यत: मांसल शृंगार का काव्य है। इसमें नर-नारीजीवन के रमणीय पक्षों का सुंदर उद्घाटन हुआ है। अधिक काव्य मुक्तक शैली में है, पर प्रबंधकाव्य भी हैं।
 कवि राजाश्रित होते थे इसलिए इस युग की कविता अधिकतर दरबारी रही जिसके फलस्वरूप इसमें चमत्कारपूर्ण व्यंजना की विशेष मात्रा तो मिलती है परंतु कविता साधारण जनता से विमुख भी हो गई।
 रीतिकाल के अधिकांश कवि दरबारी थे।  केशवदास (ओरछा),  प्रताप सिंह (चरखारी),  बिहारी (जयपुर, आमेर),  मतिराम (बूँदी),  भूषण (पन्ना),  चिंतामणि (नागपुर),  देव (पिहानी),  भिखारीदास (प्रतापगढ़-अवध),  रघुनाथ (काशी),  बेनी (किशनगढ़),  गंग (दिल्ली),  टीकाराम (बड़ौदा),  ग्वाल (पंजाब),  चन्द्रशेखर बाजपेई (पटियाला),  हरनाम (कपूरथला),  कुलपति मिश्र (जयपुर),  नेवाज (पन्ना),  सुरति मिश्र (दिल्ली),  कवीन्द्र उदयनाथ (अमेठी),  ऋषिनाथ (काशी),  रतन कवि (श्रीनगर-गढ़वाल),  बेनी बन्दीजन (अवध),  बेनी प्रवीन (लखनऊ), ब्रह्मदत्त (काशी),  ठाकुर बुन्देलखण्डी (जैतपुर),  बोधा (पन्ना),  गुमान मिश्र (पिहानी) आदि और अनेक कवि तो राजा ही थे, जैसे- महाराज जसवन्त सिंह (तिर्वा), भगवन्त राय खीची, भूपति, रसनिधि (दतिया के जमींदार), महाराज विश्वनाथ, द्विजदेव (महाराज मानसिंह)।


  रीतिकाव्य रचना का आरंभ एक संस्कृतज्ञ ने किया। ये थे आचार्य केशवदास, जिनकी सर्वप्रसिद्ध रचनाएँ कविप्रिया, रसिकप्रिया और रामचंद्रिका हैं।
  कविप्रिया में अलंकार और रसिकप्रिया में रस का सोदाहरण निरूपण है। लक्षण दोहों में और उदाहरण कवित्त सवैए में हैं। लक्षण-लक्ष्य-ग्रंथों की यही परंपरा रीतिकाव्य में विकसित हुई।  रामचंद्रिका केशव का प्रबंधकाव्य है जिसमें भक्ति की तन्मयता के स्थान पर एक सजग कलाकार की प्रखर कला चेतना प्रस्फुटित हुई।  केशव के कई दशक बाद चिंतामणि (कवि कुल कल्पतरू) से लेकर अठारहवीं सदी तक हिंदी में रीतिकाव्य का अजस्र स्रोत प्रवाहित हुआ जिसमें नर-नारी-जीवन के रमणीय पक्षों और तत्संबंधी सरस संवेदनाओं की अत्यंत कलात्मक अभिव्यक्ति व्यापक रूप में हुई।  इस समय वीरकाव्य भी लिखा गया। मुगल शासक औरंगजेब की कट्टर सांप्रदायिकता और आक्रामक राजनीति की टकराहट से इस काल में जो विक्षोभ की स्थितियाँ आई उन्होंने कुछ कवियों को वीरकाव्य के सृजन की भी प्रेरणा दी।  ऐसे कवियों में भूषण प्रमुख हैं जिन्होंने रीति शैली को अपनाते हुए भी वीरों के पराक्रम का ओजस्वी वर्णन किया।  शृंगारी काव्य तीन वर्गों में विभाजित किया जाता है।  आचार्य रामचंद्र शुक्ल- वास्तव में श्रृंगार और वीर इन दोनों रसों की कविता इस काल में हुई। प्रधानता श्रृंगार रस की ही रही। इस काल को रस के विचार से कोई श्रृंगार काल कहे तो कह सकता है।  हजारी प्रसाद द्विवेदी- इस समय आर्थिक दृष्टि से समाज में स्पष्ट रूप से दो श्रेणियाँ हो गई –एक तो उत्पादक वर्ग, जिसमें प्रधान रूप से किसान और किसानी से संबंध रखने वाली जातियाँ- बढ़ई, लोहार, कहार, जुलाहा इत्यादि थी और दूसरा वर्ग भोक्ता (राजा, रईस, नवाब आदि) या भोक्तृत्व का सहायक था।  डॉ॰ नगेन्द्र लिखते हैं- "वासना का सागर ऐसे प्रबल वेग से उमड़ रहा था कि शुद्धिवाद सम्राट के सभी निषेध प्रयत्न उसमें बह गये। अमीर-उमराव ने उसके निषेध पत्रों को शराब की सुराही में गर्क कर दिया। विलास के अन्य साधन भी प्रचुर मात्रा में थे।"  ऐहलौकिकता, श्रृंगारिकता, नायिका भेद और अलंकार-प्रियता इस युग की प्रमुख विशेषताएं हैं।  प्रायः सब कवियों ने ब्रज-भाषा को अपनाया है। स्वतंत्र कविता कम लिखी गई, रस, अलंकार वगैरह काव्यांगों के लक्षण लिखते समय उदाहरण के रूप में - विशेषकर श्रृंगार के आलंबनों एवं उद्दीपनों के उदाहरण के रूप में - सरस रचनाएं इस युग में लिखी गईं।  भूषण कवि ने वीर रस की रचनाएं भी दीं। भाव-पक्ष की अपेक्षा कला-पक्ष अधिक समृद्ध रहा। शब्द-शक्ति पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया, न नाटयशास्त्र का विवेचन किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें